साहिबाबाद अग्निकांड: 15 लोग झुलसे, लाखों का नुकसान

गाजियाबाद। साहिबाबाद में गुरुवार रात बैंडेज बनाने वाली एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग में 15 लोग झुलस गए। कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका के चलते देर रात एनडीआरएफ भी बुला ली गई। झुलसे लोगों में छह को मैक्स अस्पताल वैशाली और नौ को यशोदा अस्पताल भेजा गया है। इनमें दो की हालत गंभीर होने पर दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है। घटना के वक्त फैक्ट्री में करीब 40 लोग थे। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय समेत आला अधिकारी देर रात तक मौके पर मौजूद रहे।
साहिबाबाद साइट-4 औद्योगिक क्षेत्र में कुणाल बहल की बैंडेज और अन्य सर्जिकल उत्पाद बनाने की ईफर सर्जिमेड फैक्ट्री है। दो मंजिला फैक्ट्री में गुरुवार रात करीब 8:30 बजे प्रथम तल पर हुए धमाके से आग लग गई। कुछ ही देर में आग तेजी से फैली। फैक्ट्री में काम कर रहे कर्मचारियों में भगदड़ मच गई। दमकल को सूचना देने के साथ ही कर्मचारियों ने अपने संसाधनों से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन कैमिकल के कारण आग और फैल गई।