औरंगाबाद में भी पूर्ण लॉकडाउन का एलान

मुंबई। कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों ने एक बार फिर से महाराष्ट्र को बेहाल कर दिया है। संक्रमण की बढ़ती रफ्तार की वजह से एक बार फिर महाराष्ट्र में प्रतिबंधों यानी पाबंदियों वाले दिन लौटने लगे हैं। नागपुर, अकोला के बाद अब औरंगाबाद में भी कंप्लीट लॉकडाउन का ऐलान किया गया है। औरंगाबाद में वीकेंड में पूरी तरह से लॉकडाउन रहेगा। समाचार एजेंसी एएनआई ने कहा कि औरंगाबाद में शनिवार और रविवार को पूरी तरह से लॉकडाउन रहेगा। स्थानीय प्रशासन ने सख्ती से इस लॉकडाउन का पालन करने का आदेश जारी किया है। बता दें कि महाराष्ट्र में शुक्रवार को 15,817 नए मामले सामने आए। लगातार तीसरे दिन इस साल के अब तक के सबसे अधिक मामले सामने आए।
महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण की बढ़ती इस रफ्तार को देख प्रशासन एक बार फिर से लॉकडाउन की ओर जाता दिख रहा है। औरंगाबदा से पहले नागपुर और अकोला में पूरी तरह से लॉकडाउन है, वहीं पुणे, परभणी में नाइट कफ्र्यू का ऐलान किया गया है। हालांकि, महाराष्ट्र सरकार ने पहले ही संकेत दे दिए हैं कि अगर हालात नहीं संभले तो अन्य इलाकों में भी लॉकडाउन लागू किए जा सकते हैं।