महाराष्ट्र : केवल 50 फीसदी कर्मचारी आयेंगे दफ्तर

मुंबई। कोरोना के बढ़ते मामलों के बाद अब महाराष्ट्र ने भी सख्ती और बढ़ा दी है। शुक्रवार को जारी नए आदेशों में निजी दफ्तरों को भी 50 फीसदी कर्मचारी बुलाने का ही आदेश दिया गया है। कंपनियों को कहा गया है कि वे अपने 50 फीसदी स्टाफ को ही ऑफिस बुलाएं। इसके अलावा थिएटर और ऑडिटोरियम के भी 50 फीसदी क्षमता के साथ ही संचालन का आदेश दिया गया है। सही ढंग से मास्क लगाए बिना एंट्री पर रोक रहेगी।
राज्य के मुख्य सचिव सीताराम कुंटे की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि किसी थिएटर या ऑडिटोरियम में यदि नाक से नीचे मास्क हुआ तो एंट्री नहीं मिलेगी। हर जगह पर सैनिटाइजर की व्यवस्था करने को कहा गया है। इसके अलावा गेट पर ही तापमान मापने की व्यवस्था भी रहेगी। सभी निजी दफ्तरों में 50 फीसदी कर्मचारियों को ही बुलाने का आदेश दिया गया है।