मेरठ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डा. लक्ष्मीकांत बाजपेयी के नेतृत्व में यूपी सरकार के किसान विरोधी नीतियों, बिगड़ी कानून व्यवस्था, बढ़ते अपराध, बदहाल विद्युत आपूर्ति तथा जन समस्याओं को लेकर आज मेरठ जिला अधिकारी कार्यालय पर जोरदार प्रर्दशन हुआ जिसमें मेरठ से सांसद राजेन्द्र अग्रवाल, विधायक संगीत सोम, विधायक रवीन्द्र भड़ाना, सत्यप्रकाश अग्रवाल, प्रदेश मंत्री अश्वनी त्यागी, पूर्व विधायक अमित अग्रवाल, सुरेश जैन, रितुराज जी, विनीत शारदा, अलोक सिसोदिया आदि अनेक प्रमुख नेता एवं कार्यकर्ता शामिल थे। प्रदेश अध्यक्ष डा0 बाजपेयी ने प्रदेश सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताया और किसानों को पूर्ण मुआवजा न देने की बात कही और बिजली संकट के लिए राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया। वही सांसद राजेन्द्र अग्रवाल ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की और महिला सुरक्षा पर सरकार को गैर जिम्मेदार ठहराया। प्रदेश अध्यक्ष डा0 बाजपेयी ने मुजफ्फरनगर भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रर्दशन को भी सम्बोधित किया।
धरने से पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किसानों के मुआवाजे के भुगतान को लेकर आज मेरठ तहसील में औचक पहुंचकर किसानों को अब तक किये गये मुआवजा भुगतान तथा फसलों के हुए नुकसान के आकंलन को लेकर गम्भीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से हुए फसलों के नुकसान का लेखपालों द्वारा किया गया आंकलन 12080 किसान को सूचीबद्ध किया था और भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा वास्तविक आंकलन प्रस्तुत करने के बाद 8261 किसान प्रभावित संख्या में जोडऩे के बाद कुल प्रभावित किसानों की संख्या 20285 पायी गयी और 4439 हेक्टेयर फसलों का मुआवजा देना तय किया गया जिसमें से अभी तक 4291 हेक्टेयर का मुआवजा ही भुगतान किया गया है, 1418 हेक्टयर क्षेत्र के फसलों के नुकसान के भरपाई के बारे में कोई जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी। भाजपा अध्यक्ष ने सरकार द्वारा किसानों को हुए फसलों को हुए नुकसान की भरपाई में बरती जा रही शिलथलता पर रोष व्यक्त करते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं का प्रदेश भर के किसानों के हक की लड़ाई लडऩे का आहवान किया।