आस्था से नहीं संविधान से चलेगा देश: राजेन्द्र

leader-rajendra-chaudhry
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने कहा है कि समाजवादी पार्टी अपने जन्म से ही सामाजिक सद्भाव और धर्मनिरपेक्षता के लिए प्रतिबद्ध रही है। अपने चुनाव घोषणा पत्र में भी उसने सांप्रदायिकता से संघर्ष का अपना संकल्प घोषित किया था। मुलायम सिंह यादव हमेशा इस बात पर बल देते आए हैं कि यह देश आस्था से नहीं, संविधान से चलेगा। समाजवादी सरकार बनने पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राज्य के सामाजिक तानाबाना को तोडऩे की साजिशों के खिलाफ सख्त रूख अपनाया है जिसके फलस्वरूप प्रदेश में अमनचैन का माहौल बना हुआ है।
विडंबना है कि जब कभी विकास और सामाजिक सौहार्द की बात होती है भाजपा आरएसएस को इसमें तुष्टीकरण दिखाई देने लगता है। इनकी ओर से अफवाहें फैलाई जाती हैं और अल्पसंख्यक भाईयों को आतंकित करने की कार्यवाही की जाती हैं। प्रदेश में पिछले तीन सालों में किसी न किसी बहाने भाजपा आरएसएस द्वारा प्रदेश का माहौल बिगाडऩे की कोशिशें होती रही हैं पर चूॅकि शासन की सख्ती के आगे वे अपनी साजिशों में विफल रहे इसलिए समाजवादी सरकार पर झूठे आरोप लगाकर समाज को बांटने के काम में लगे रहते हैं। लोकतंत्र में सत्तापक्ष की तरह विपक्ष की भी सकारात्मक भूमिका होती हैं। विपक्ष को आलोचना का अधिकार है पर वह निराधार, अनर्गल और नकारात्मक नहीं होनी चाहिए। भाजपा हमेशा भ्रम फैलाने की राजनीति करती आई है। समाजवादी सरकार जो कदम जनहित में उठाती है उसमें भी ये रोड़ा डालने से बाज नहीं आते हैं। बेवजह के मुद्दे उछालकर ये जनता को बरगलाने का काम करते है।