प्रिंस फिलिप का निधन: शोक में डूबा ब्रिटेन

डेस्क। ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के पति प्रिंस फिलिप का निधन हो गया है। वह 99 वर्ष के थे। बकिंघम पैलेस ने यह जानकारी दी। महारानी की ओर से जारी एक बयान में राजमहल ने कहा कि प्रिंस फिलिप का शुक्रवार को सुबह विंडसर कैसल में निधन हो गया। बयान में कहा गया है, गहरे दुख के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि महारानी के पति प्रिंस फिलिप- ड्यूक ऑफ एडिनबर्ग का निधन हो गया है। उन्होंने आज सुबह विंडसर कैसल में अंतिम श्वांस ली।
दस जून को प्रिंस फिलिप का 100 वां जन्मदिन होता। पिछले दिनों उन्हें करीब एक महीने तक अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा था जहां हृदय संबंधी बीमारी को लेकर उनका इलाज किया गया था। कोरोना वायरस के कारण लागू लॉकडाउन में प्रिंस फिलिप और महारानी ने अपना अधिकतर समय इंग्लैंड के विंडसर कैसल में कुछ कर्मचारियों के साथ बिताया था। दोनों की शादी 73 साल पहले हुयी थी और उन्होंने जनवरी में एक साथ ही कोविड टीके की पहली खुराक ली थी।