मुंबई में शराब की होगी होम डिलीवरी

मुंबई। महाराष्ट्र में वीकेंड लॉकडाउन के बीच मुंबई में होम डिलीवरी के जरिए शराब बिक्री की इजाजत दी गई है। बीएमसी ने शराब की दुकानों को लाइसेंस के मुताबिक बिक्री की इजाजत दी है। लेकिन शराब की केवल होम डिलीवरी होगी। बीएमसी ने कहा है कि डिलीवरी सुबह 7 बजे से रात के 8 बजे तक हो सकती है और डिलीवरी करने वाले कर्मचारियों को कोविड-19 के प्रोई टोकॉल का पूरी तरह पालन करना होगा।
महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को नियंत्रित करने के लिए वीकेंड लॉकडाउन लगाया गया है। मुंबई, पुणे, औरंगाबाद और नागपुर समेत राज्य के अधिकतर हिस्सों में सडक़ें और बाजार सुने पड़े हैं। बहरहाल, राजधानी मुंबई के कुछ बाजारों समेत राज्य के कुछ स्थानों पर लोगों को एक ही जगह पर बड़ी संख्या में जमा होकर दूरी और अन्य नियमों को तोड़ते देखा गया।
राज्य में पहला वीकेंड लॉकडाउन शुक्रवार रात 8 बजे शुरू हुआ और यह सोमवार सुबह 7 बजे तक जारी रहेगा। वीकेंड पर लॉकडाउन लगाने की घोषणा रविवार को की गई थी और राज्य सरकार ने सप्ताह के अन्य दिवसों में नाइट कफ्र्यू और दिन में निषेधात्मक आदेश लागू करने का ऐलान किया था। यह ‘ब्रेक द चेन कोविड-19 कार्य योजना का हिस्सा है। सप्ताहांत पर लॉकडाउन और अन्य पाबंदियां 30 अप्रैल तक जारी रहेंगी।