और सख्त हुआ मिनी लॉकडाउन: 4 घंटे खुलेंगी दुकानें

मुंबई। महाराष्ट्र में 1 मई तक लागू कफ्र्यू में सरकार ने और पाबंदियां बढ़ा दी है। राज्य में किराना दुकानें और सभी तरह की खाने-पीने की दुकानें केवल चार घंटे तक खुलेंगी। इन्हें सुबह 7 से 11 बजे तक ही खोलने की अनुमति होगी। पहले नाइट कफ्र्यू, फिर वीकेंड लॉकडाउन और अब मिनी लॉकडाउन में भी कोरोना की रफ्तार कम नहीं हो रही है और इस वजह से राज्य सरकार ने पाबंदियां बढ़ा दी हैं।
महाराष्ट्र सरकार की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि सभी किराना, सब्जी, फल, डेयरी, बेकरी सभी तरह की खाने पीने की चीजों की दुकाने (चिकन, मटन, मछली, अंडे की दुकानें सहित), कृषि उपकरणों से संबंधित दुकानें, जानवरों के चारे की दुकानें सुबह 7 से 11 बजे तक ही खुल सकेंगी। हालांकि, इन दुकानों से होम डिलीवरी सुबह 7 बजे से शाम 8 बजे तक जारी रहेगी। हालांकि, स्थानीय प्रशासन की ओर से समय में बदलाव किया जा सकता है।