पानी का पॉवर: हिमाचल में तबाही, 4 बसें बहीं

mandi
शिमला। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और बाढ़ के कारण हालात बदतर हो गए हैं। शनिवार को मंडी जिले के धर्मपुर में बादल फट गए। इसके बाद आई बाढ़ से 5 लोगों की मौत हो गई। 10 से ज्यादा घायल बताए जा रहे हैं। हिमाचल के अधिकतर हिस्सों में शुक्रवार रात से ही तेज बारिश हो रही है। इस कारण कुल्लू, मनाली, शिमला, मंडी, ऊना जैसे शहरों में कई जगहों पर पानी भर गया है। लैंडस्लाइड के कारण जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे बंद कर दिया गया। इसके चलते अमरनाथ यात्रा भी रोक दी गई है। धर्मपुर बस स्टैंड के पास बादल फटने के बाद चार बसें बह गईं। हालांकि, बस में कोई नहीं था। बाढ़ के कारण बस स्टैंड से बसों की आवाजाही रुक गई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक शनिवार सुबह स्टैंड से बसों की आवाजाही शुरू हो पाती, उससे पहले ही अचनाक पानी आ गया। 4 बसें बह गईं। स्टैंड पर मौजूद 6 लोग बस की छतों पर चढ़ थे। उन्हें बड़ी मशक्कत के बाद बचाया गया गया। बता दें कि शुक्रवार को हमीरपुर में 3 मकान ढह गए थे। मलबे के नीचे आने से दो लोगों की मौत हो गई थी। शिमला में आम लोगों के जीवन पर इस बारिश का काफी असर पड़ा है। ऊपरी शिमला में सेब मंडियों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। शिमला जाने वाली सड़कों पर भारी जाम लगा है। इस कारण खड़ापत्थर और कोटखाई जैसे इलाकों में सेब से लदे ट्रक फंसे हैं। शुक्रवार को शिमला के कसुम्पटी में नेशनल हाईवे पर लैंडस्लाइड हुआ था। इस वजह से अभी भी ट्रैफिक जाम लगा है।