लखनऊ। यूपी कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि पंचायत चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने धांधली से सीटें हथियाई हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि अपना जमीनी आधार खो चुकी भाजपा ने सत्ता के बल पर पंचायत चुनाव में अपने समर्थित उम्मीदवारों को कई सीटों पर विजय का प्रमाणपत्र दिलवा दिया। कई जिलों में जनता के आक्रोश पर दोबारा रिजल्ट घोषित करना पड़ा। उन्होंने कहा कि गोरखपुर के ही वार्ड संख्या 45, 60 व 61 में पहले जबरन अपने समर्थित उम्मीदवार के पक्ष में परिणाम घोषित करवाया गया फिर जनता की प्रतिक्रिया पर विजेता उम्मीदवार के पक्ष में परिणाम घोषित करना पड़ा। एटा में सभी जिला पंचायत सदस्य की सीटों में भारी पराजय का सामना करने के बाद भाजपा परिणाम बदलवाने का प्रयास करती रही। लल्लू ने कहा कि लोकतंत्र का गला घोटने व जनादेश को अपमानित करने के लिए भाजपा षड्यंत्र रचकर अपनी विजय का झूठा दावा कर रही है। जनता ने भाजपा को पूरी तरह नकार दिया है। उनका दावा खोखला है। सत्ता के बल पर भाजपा द्वारा किया गया धांधली का खेल पकड़ में आ गया है। किसानों के साथ दुव्र्यवहार, नौजवानों व बेरोजगारों के साथ उसके अन्याय ने भाजपा को असलियत दिखा दी है। अब विधानसभा चुनाव में भी इसी पराजय का सामना करना पड़ेगा।
कांग्रेस का आरोप: पंचायत चुनाव में धांधली से जीती बीजेपी
