अखिलेश बोले: बीजेपी के कुशासन से जनता ऊबी

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार के साढ़े चार साल में उत्तर प्रदेश विकास में पीछे होता गया है। भाजपा के कुशासन से जनता ऊब गई है। उसके राजनीतिक छल-कपट की सच्चाई अब सबके सामने आने से बौखलाए मुख्यमंत्री जी और दूसरे भाजपा नेता लोगों के मनोरंजन के लिए अब राजनीतिक खेल तमाशों के आयोजन में उतर आए हैं। कभी भाजपा और संघ की बैठकें, कभी मंत्रिमण्डल विस्तार की चर्चाएं तो कभी धड़ाधड़ तबादले ये सब भाजपा की घबराहट का नतीजा ही है। भाजपा सरकार यह ब्यौरा कभी नहीं देती है कि कहां से कितना बाहरी पूंजी निवेश आया और किस उद्यमी ने कहा उद्योग लगाया? कितनों को रोजगार मिला? कितने एम.ओ.यू. जमीन पर उतरे और कितने उद्योगों में छंटनी से कितने नौजवान बेरोजगार हुए? भाजपा राज में गुण्डाराज के साथ भ्रष्टाचार पर रोक नहीं है। महिलाओं की इज्जत पर हर समय खतरा मंडराता रहता है। छोटी-छोटी बच्चियां तक दुष्कर्म की शिकार बनाई जा रही हैं। मिशन शक्ति का झूठा प्रचार, विकास के नाम पर कहीं कुछ दिखाई नहीं दे रहा है। उत्तर प्रदेश से लेकर कर्नाटक तक झूठे प्रचार में मुख्यमंत्री जी ने जनता की गाढ़ी कमाई फूंकने में कोई कसर नहीं छोड़ी। लेकिन प्रदेश के हर शहर-देहात में आफत ही आफत है। नीति आयोग की रिपोर्ट में फिसड्डी, हर रोज बिजली कटौती, गड्ढायुक्त सडक़ें, जगह-जगह जल भराव, ट्रैफिक जाम, पेयजल संकट, शिक्षा-स्वास्थ्य में दुव्र्यवस्था और प्रदूषण से राजधानी समेत हर महानगर में हाहाकार यही तो भाजपा सरकार की उपलब्धि और उल्लेखनीय देन है।