शिमला। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर में बारिश के बाद हुए भूस्खलन की वजह से अभी भी लगभग 100-120 लोग फंसे हुए हैं। किन्नौर भूस्खलन की घटना के बारे में बताते हुए हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सोमवार को कहा कि लगभग 100-120 लोग अभी भी फंसे हुए हैं, जिनमें पर्यटक और स्थानीय लोग शामिल हैं। हम उन्हें बचाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। जिले में भारी बारिश की चेतावनी के बाद प्रशासन हाई अलर्ट पर है। बता दें कि किन्नौर जिले में बस्तेरी के निकट रविवार को पर्यटकों को लेकर जा रहे एक वाहन पर भूस्खलन के बाद भारी चट्टान गिरने से उसमें सवार नौ लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सांगला-छितकुल मार्ग पर बस्तेरी के निकट हाल में हुई भारी बारिश की वजह से अपराह्न एक बजकर 25 मिनट पर भूस्खलन की कई घटनाएं हुईं और इसकी वजह से एक पुल ढह गया और कुछ गाडिय़ों को भी नुकसान पहुंचा है।
किन्नौर में अभी भी फंसे हैं सैकड़ों लोग
