यूके सीएम धामी ने दी वंदना को बधाई

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी वंदना कटारिया और उनकी साथियों को तोक्यो ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन करने के लिए शनिवार को बधाई दी और उन्हें अपना मनोबल बनाये रखने को कहा।
हरिद्वार की निवासी कटारिया से वीडियो कान्फ्रेंस के जरिये बात करते हुए धामी ने कहा कि उनके प्रदर्शन ने देश और राज्य को गौरवान्वित किया है। धामी ने कटारिया को वापस आने पर देहरादून में अपने आधिकारिक आवास पर मिलने का निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि राज्य में खेलों को बढ़ावा देने के लिए नयी नीति बनायी जा रही है, जिसके तहत खेल प्रतिभाओं को हर संभव सहयोग दिया जाएगा। कटारिया के लिए तोक्यो ओलंपिक में उनके प्रदर्शन के लिए 25 लाख रुपये के नकद पुरस्कार की पहले ही घोषणा कर चुके धामी ने कहा कि उन्हें तिलू रौतेली पुरस्कार से भी सम्मानित किया जाएगा।