लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार का चरित्र जनविरोधी है। जनता की समस्याओं और चुनौतियों के समाधान में उसकी कोई रुचि नहीं है। राजनैतिक षडयंत्रों से संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने में ही भाजपा दिन-रात लगी रहती है। भाजपा राजनीति का व्यापार करती है। महंगाई, बेरोजगारी, किसान समस्या, महिला उत्पीडऩ, अपराध से जनता बुरी तरह त्रस्त है। बावजूद इसके भाजपा का झूठा प्रचार अभियान जारी है। जिनके राज में नौकरी के लिए युवाओं को हाथ जोडऩा पड़े, उनसे जनता अब हाथ जोड़ लेगी। भाजपा की केन्द्र और राज्य सरकार ने जनता का भरोसा तोड़ दिया है। सत्ता में आने के बाद से सिर्फ भ्रामक वायदों के सपनें दिखाये जा रहे हैं। किसानों की आय दुगना करने का झूठ फैलाने वाली भाजपा सरकार में मंहगाई और बेरोजगारी ने आमजन की कमर तोड़ दी। उत्तर प्रदेश सरकार तो हर मोर्चे पर फेल है। जनता की गाढ़ी कमाई को विज्ञापनों के माध्यम से भाजपा अपनी छवि चमकाने में खर्च कर रही है। उत्तर प्रदेश के विकास को भाजपा ने अवरूद्ध कर दिया है। ध्वस्त कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार के कारण जनता बेहाल है। मुख्यमंत्री सिर्फ घोषणाएं कर रहे हैं। जमीन पर उसका कोई अमल नहीं हो रहा है। सरकार की नीतियां बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने तक ही सिमट गयी है। गरीबों का कल्याण सरकार के एजेण्डें से बाहर है।
अखिलेश का आरोप: बीजेपी सरकार जनविरोधी
