व्यापारियों से बोले अखिलेश: देश को कंगाल कर रही है बीजेपी

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश के प्रमुख व्यापारियों की बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी पूरी ईमानदारी से व्यापारियों का साथ निभायेगी। भाजपा सरकारी संपत्तियों को बेचकर देश को कंगाल बनाने पर तुली हुई है। चंद पूंजीपतियों के लाभ के लिये भाजपा देशवासियों को धोखा दे रही है। व्यापारियों की सुरक्षा और मान-सम्मान सपा सरकार में ही सुरक्षित है। सत्ता में आते ही बीजेपी ने अपना विकास किया है। 2014, 2017 और 2019 तीनों चुनावों में भाजपा ने जनता को धोखा दिया है। भाजपा सरकार ने देश को खोखला कर दिया है। भाजपा की अर्थनीति के कारण ही पूरी अर्थव्यवस्था ही रसातल में चली गयी है। सपा ही विकास के रास्ते पर चलती है। 2022 में समाजवादी सरकार बनने पर व्यापारियों की समस्याओं का अविलंब समाधान होगा। भाजपा के कारण विकास थम गया है। वह छद्म एजेंडे पर काम करती है। अयोध्या के किसानों के साथ भाजपा ने अन्याय किया है। समाजवादी सरकार में ही किसानों की पूरी सुरक्षा होगी। किसान और व्यापारी एक दूसरे के पूरक हैं। भाजपा ने दोनों को दु:ख दिया है। भाजपा सरकार ने अयोध्या के व्यापारियों को उजाड़ दिया। उनकी पीड़ा को अनसुना किया जा रहा है।