झारखंड विस में बीजेपी विधायकों का जमकर हंगामा

रांची। झारखंड में प्रमुख विपक्षी दल भाजपा के विधायकों ने पार्टी कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज के विरोध में बृहस्पतिवार को विधानसभा में हंगामा किया और अध्यक्ष के आसन के पास जा कर नारेबाजी की, जिसके कारण सदन की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई। विधानसभा के मानसून सत्र के अंतिम दिन राज्य के प्रमुख विपक्षी दल भाजपा के विधायक सदन की कार्यवाही शुरू होते ही काली पट्टी बांधकर हंगामा करने लगे और अध्यक्ष के आसन के पास जा कर नारे लगाने लगे। हंगामे के बीच विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो ने विरोध कर रहे सदस्यों से अपनी-अपनी सीटों पर वापस जाने का आग्रह किया और सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलने देने को कहा। भाजपा विधायक सदन में हंगामा करते रहे, जिसके परिणामस्वरूप विधानसभा अध्यक्ष को कार्यवाही को दिन भर के लिए स्थगित करना पड़ा। झारखंड के संसदीय कार्य मंत्री आलमगीर आलम को यह कहते हुए सुना गया कि नारे लगाना एक हद है, लेकिन लगता है कि विपक्षी सदस्य लडऩे आए हैं, जो बेहद शर्मनाक है और उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।