आगरा-कानपुर में जल्द शुरू होगी मेट्रो

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ साढ़े चार साल में शहरों में बेहतरीन यातायात की सुविधाएं दी हैं। लखनऊ के साथ धार्मिक नगरी प्रयागराज, वाराणसी और गोरखपुर में मेट्रो रेल के लिए कार्ययोजना तैयार कराई है, तो आगरा व कानपुर में मेट्रो रेल का संचालन शुरू कराने जा रहे हैं। आगरा में 30 नवंबर से और कानपुर में 31 जनवरी 2022 से मेट्रो रेल चलाने के लिए रेवेन्यू ऑपरेशन शुरू करने की तैयारी है। लेकिन स्मार्ट सिटी के सुस्त कार्यक्रम अभी भी चुनौती बने हुए हैं। आगरा में पहले चरण में ताज ईस्ट गेट से जामा मजिस्द तक लगभग छह किमी में मेट्रो रेल चलेगी। आगरा में दो कॉरिडोर में मेट्रो रेल परियोजना का काम चल रहा है। सिकंदरा से ताज ईस्ट गेट और आगरा कैंट से कालिंदी विहार तक काम चल रहा है। पहले कॉरिडोर की लंबाई 14 किमी और दूसरे की 15.4 किमी है। दोनों कॉरिडोर में कुल 27 स्टेशन होंगे। कानपुर में पहले चरण में आईआईटी कानपुर से मोतीझील लगभग नौ किमी तक मेट्रो रेल चलेगी। कानपुर में दो कॉरिडोर में काम चल रहा है। पहले कॉरिडोर की लंबाई आईआईटी कानपुर से नौबस्ता तक 23.8 किमी और दूसरे में एग्रीकल्चर विश्वविद्यालय से बर्रा-आठ तक 8.6 किमी मेट्रो चलेगी। इनमें कुल 30 स्टेशन होंगे।