योगी की सौगात: गाजियाबाद में बनेंगे पिंक वेंडिंग जोन

गाजियाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजियाबाद में महिलाओं के लिए पिंक वेंडिंग जोन बनाने की मंजूरी दे दी है। दरअसल, गाजियाबाद की महापौर आशा शर्मा ने निगम के पांचों जोन में बनने वाले वेंडिंग जोन में 10-10 क्योस्क महिलाओं के लिए बनाने का प्रस्ताव रखा था। मुख्यमंत्री ने इसे सराहनीय कदम बताते हुए आगे बढ़ाने का कहा है।
गाजियबाद में बुधवार को रात्रि प्रवास पर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनप्रतिनिधियों से शहर में चल रहे विकास कार्यों पर चर्चा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने को कहा। इसके अलावा महानगर और लोनी में जलभराव की समस्या को भी दूर करने को कहा। महापौर आशा शर्मा ने मुख्यमंत्री को बताया कि शहर की कई बड़ी परियोजनाएं बनकर तैयार हैं। ऑडिटोरियम, शॉपिंग कॉप्लेक्स और दो गार्बेज फैक्ट्री तैयार हैं। 26 तालाबों का सौंदर्यीकरण करा दिया है।
महापौर ने मुख्यमंत्री से योजनाओं का उद्घाटन कराने के लिए समय मांगा। महापौर के अनुसार, योगी आदित्यनाथ ने अगले माह समय देने की बात कही है। इसके अलावा महापौर ने कविनगर, वियजनगर, मोहननगर, वसुंधरा और सिटी जोन में पिंक वेंडिंग जोन बनाने की बात कही। महपौर ने मुख्यमंत्री को बताया कि पांचों जोन में 10-10 क्योस्क महिलाओं के लिए आवंटित किए जाएंगे। उस क्षेत्र में महिला पुलिसकर्मी तैनात रहेंगी। मुख्यमंत्री ने पिंक वेंडिंग जोन बनाने के लिए मंजूरी दे दी है। महापौर ने बताया कि जल्द काम शुरू करा दिया जाएगा।