प्रियंका का प्लान: प्रतिज्ञा यात्राओं से बंधेगा समां

लखनऊ। कांग्रेस महासचिव व यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी अपने यूपी दौरे के दूसरे दिन भी कौल हाउस से बाहर नहीं आई और यहीं पर कई बैठकें कर आगे की रणनीति तय की। बैठकों में पांच प्रतिज्ञा यात्राओं के रूटमैप पर मंथन किया गया। अक्तूबर के दूसरे सप्ताह से प्रतिज्ञा यात्रा की शुरुआत हो सकती है। बुधवार को लखनऊ मंडल के पदाधिकारियों से मुलाकात कर सकती हैं। देर रात तक चुनावी रणनीति और अभियानों पर चर्चा चली। इन बैठकों में यूपी सहप्रभारी धीरज गुर्जर, सचिन नाइक, प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, नेता विधानमंडल दल आराधना मिश्र मोना और अन्य नेता मौजूद रहे। यात्रा में पांच यात्राओं के लिए रूटमैप तय किया गया। प्रियंका गांधी के पिछले दौरे पर यात्राएं निकालने पर निर्णय लिया गया था। ये यात्राएं अयोध्या से गोरखपुर-बनारस, आगरा से बलरामपुर, झांसी से लखनऊ, सहारनपुर से मेरठ-लखनऊ और प्रयागराज से कानपुर तक निकाली जाएंगी। इसके अलावा 100 विधानसभाओं में स्थापित होने वाले वाररूम की तैयारियों को भी परखा गया।