सिद्धू की हुंकार: सच की लड़ाई लड़ते रहेंगे

डेस्क। प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा देकर पंजाब कांग्रेस में सियासी उथल-पुथल मचाने वाले नवजोत सिंह सिद्धू का वीडियो संदेश सामने आया है। पंजाब कांग्रेस में मची खलबली के बीच नवजोत सिंह सिद्धू ने अपने वीडियो संदेश में कहा है कि वह आखिरी दम तक हक और सच की लड़ाई लड़ते रहेंगे। बता दें कि मंगलवार को नवजोत सिंह सिद्धू ने पंजाब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद पंजाब में सियासी घमासान जारी है। ट्विटर पर जारी एक वीडियो में नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि यह व्यक्तिगत लड़ाई नहीं बल्कि सिद्धांतों की लड़ाई है। मैं सिद्धांतों से समझौता नहीं करूंगा और हक व सच की लड़ाई आखिरी दम तक लड़ता रहूंगा। उन्होंने कहा कि वह दागी मंत्रियों को वापस लाए जाने को कभी स्वीकार नहीं करेंगे।