कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा : जनता को बतायीं सरकार की नाकामियां

लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता संजय सिंह ने महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा द्वारा निर्देशित कांग्रेस की चल रही तीन प्रतिज्ञा यात्राओं के बारे में विस्तार बताया है।
आज यात्रा की शुरुआत अमेठी के संग्रामपुर में काली मंदिर पर दर्शन के साथ शुरू हुई। उसके बाद संग्रामपुर मोड़ से राजीव गांधी तिराहा और फिर टिकरी तक मोटरसाइकिल जुलूस और पद मार्च निकाला गया। उपस्थित छात्रों और जनता के बीच में विधायक श्री दीपक सिंह ने कहा कि जब से राहुल गांधी अमेठी में हारे अमेठी का विकास रुक गया है। राहुल जी द्वारा लाए गए फूड पार्क और पेपर मिल को अमेठी के बाहर भेज दिया गया। जिससे नौजवानों को मिलने वाला रोजगार एक स्वप्न बनकर रह गया। श्री सिंह ने आगे कहा कि अगर 2022 में प्रियंका गांधी वाड्रा जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनती है तो एक बार फिर अमेठी और पूरे उत्तर प्रदेश का विकास शुरू होगा और उत्तर प्रदेश के नौजवानों को 20 लाख रोजगार दिया जाएगा। सभा को पूर्व सांसद श्री राजेश मिश्रा, पूर्व विधायक श्री अजय राय, पूर्व विधायक श्री नदीम जावेद, श्री बाजीराव खाड़े ने भी संबोधित किया। सभा का आयोजन श्री नरेंद्र मिश्रा, मुन्ना सिंह त्रिशुंडी और धर्मेंद्र शुक्ला ने किया। आज कांग्रेस की दूसरी प्रतिज्ञा यात्रा की शुरुआत में बांदा के गोल कोठी जामा मस्जिद में यात्रा का नेतृत्व कर रहे उत्तर प्रदेश कांग्रेस मीडिया के चेयरमैन व पूर्व मंत्री श्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी जी ने चादर चढ़ाई। उसके बाद पपरेंदा में एक नुक्कड़ सभा को संबोधित किया। श्री सिद्दीकी जी ने कहा कि आज बुंदेलखंड में किसानों को खेती से कोई फायदा नहीं है, किसान आत्महत्या कर रहा है और नौजवान बेरोजगारी के कारण पलायन करने को मजबूर है। कांग्रेस की सरकार आती है तो किसानों का कर्जा माफ होगा, बिजली का बिल हाफ होगा और बुंदेलखंड में उद्योगों का जाल बिछाया जाएगा। जिससे नौजवानों को रोजगार मिल सके। आज यात्रा बरेली शहर में थी। यात्रा में शामिल पूर्व सांसद श्री दीपेंद्र हुड्डा, उत्तर प्रदेश विधान मंडल दल के पूर्व नेता श्री प्रदीप माथुर, पूर्व विधायक श्री विवेक बंसल और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सचिव श्री तौकीर आलम सबसे पहले मणि नाथ मंदिर गए। उसके बाद स्थानीय होटल में प्रेसवार्ता की। प्रेसवार्ता के बाद प्रतिज्ञा यात्रा सर्किट हाउस से शुरू हुई जा ेकि रामपुर गार्डन ( गांधी उद्यान ),चौकी चौराहा, शामतगंज, अयूब खान चौराहा होते हुए अंबेडकर पार्क पहुंची, जहां प्रियंका गांधी वाड्रा जी द्वारा सारी प्रतिज्ञाएं के बारे में जनता के बीच बताया गया। सलमान खुर्शीद ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे वन डिस्टिक, वन प्रोडक्ट अभियान पूरी तरह से फ्लॉप है। बरेली का फर्नीचर उद्योग, मुरादाबाद का पीतल उद्योग, फिरोजाबाद की चूडिय़ां, भदोही का कालीन उद्योग, आजमगढ़ और मऊ में बनने वाली बनारसी साड़ी जैसे मशहूर मझोले उद्योग खत्म होने की कगार पर हैं, नौजवान बेरोजगार हो रहा है। कांग्रेस की सरकार 2022 में आएगी तो इन उद्योगों का पुनरुद्धार किया जाएगा और नौजवानों को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।