दिल्ली में डेंगू का बन रहा है रिकार्ड

नई दिल्ली। दिल्ली में इस साल अब तक डेंगू के 1,530 से अधिक मामले सामने आए हैं, जिनमें से करीब 1,200 मामले अकेले अक्टूबर में दर्ज किए गए, जो पिछले चार वर्षों में इस महीने की सबसे अधिक संख्या है। नगर निगम अधिकारियों द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, राजधानी दिल्ली में अक्टूबर 2017 में डेंगू के 2,022 मामले दर्ज किए गए थे। सोमवार को डेंगू से पांच लोगों की मौत हुई थी। इसके साथ ही दिल्ली में वेक्टर जनित बीमारी के कारण होने वाली कुल मौतों का आंकड़ा छह तक पहुंच गया, जो 2017 के बाद से सबसे अधिक है, जब आधिकारिक मृत्यु दर 10 थी। वेक्टर जनित बीमारियों के आंकड़ों का रिकॉर्ड रखने वाली शहर की नोडल एजेंसी, दक्षिणी दिल्ली नगर निगम (एसडीएमसी) द्वारा सोमवार को जारी वेक्टर जनित बीमारियों पर एक रिपोर्ट के अनुसार, इस सीजन में 30 अक्टूबर तक डेंगू के 1,537 मामले दर्ज किए गए हैं, जो उसी अवधि के लिए 2018 के बाद से सबसे अधिक संख्या है।