सिद्धू का पलटवार: कैप्टन को बताया कायर, धोखेबाज

डेस्क। कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने बुधवार को एक बार फिर पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह पर निशाना साधते हुए उन्हें धोखेबाज, रोंदू बच्चा और कायर बताया। इतना ही नहीं सिद्धू ने पूर्व मुख्यमंत्री को दगा हुआ कारतूस, और निराशा से भरा हुआ भी करार दिया। सिंह ने एक दिन पहले ही कांग्रेस छोडक़र अपनी नई पार्टी लोक पंजाब कांग्रेस का ऐलान किया था, जिसके बाद सिद्धू ने सिंह पर हमला बोला है। इस बीच, पंजाब के मंत्रियों परगट सिंह और अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने भी अपनी नई पार्टी बनाए जाने और कथित तौर पर भाजपा के निकट होने को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री पर निशाना साधा। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को भेजे इस्तीफे में सिंह की ओर से अवैध रेत खनन में लिप्त विधायकों की पोल खोलने की ओर संकेत किए जाने पर सिद्धू ने अमृतसर में संवाददाताओं से कहा, ”क्या वह इतने वर्षों से सो रहे थे? उन्होंने पूछा कि अगर सिंह के शासनकाल में माफिया था तो पैसा कौन कमा रहा था? सिद्धू ने अमरिंदर सिंह को ‘दुनिया का सबसे बड़ा कायर’ करार देते हुए सवाल उठाया कि अगर कुछ गलत होने के बारे में उन्हें जानकारी थी तो उन्होंने कार्रवाई क्यों नहीं की? एक सवाल के जवाब में सिद्धू ने कहा, ”मैं एक दगे हुए कारतूसों के बारे में बात नहीं करना चाहता।”