राजस्थान में डेंगू का कहर: 28 लोगों की मौत

जयपुर। राजस्थान में डेंगू का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। इस साल यहां अब तक डेंगू के 12600 मामले सामने आये। इस साल अब तक इस डेंगू ने 28 लोगों की जान ले ली है। राज्य में डेंगू की वजह से होने वाली मौतों का यह आकंड़ा साल 2015 के बाद से सबसे ज्यादा है।
साल 2020 में राज्य में डेंगू के कुल केस 2032 थे और इससे 7 मौतें हुई थीं। साल 2019 में कुल केसों की संख्या 13686 थी और इससे 18 लोगों की जान चली गई थी। साल 2018 में डेंगू के कुल 9911 केस सामने आए थे जबकि 14 लोगों की जान गई थी। इसी तरह साल 2017 में यहां डेंगू के कुल 8427 मामले सामने आए थे और 14 मौतें दर्ज की गई थीं। साल 2016 में राज्य में डेंगू की वजह से 16 जानें गई थीं और यहां कुल 5292 केस सामने आए थे।