पैराडाइस क्लब ने किया रामलीला का मंचन

श्यामल मुखर्जी, गाजियाबाद। पैराडाइस क्लब द्वारा गुलमोहर एंकलेव में दीपावली मिलन का आयोजन किया गया। समारोह का आकर्षण संस्था की पदाधिकारियों द्वारा रामलीला का मंचन रहा। दीपावली मिलन समारोह का शुभारम्भ गणेश-लक्ष्मी की आरती से किया गया। प्रसाद वितरण के बाद क्लब द्वारा की गई व आने वाले समय में की जाने वाली गतिविधियों की जानकारी दी गई। संस्था की पदाधिकारियों ने रामलीला में राम जन्म से लेकर भगवान राम द्वारा रावण का वध कर 14 वर्ष बाद अयोध्या में पहुंचने और अयोध्यावासियोंं द्वारा खुशी में दीपावली मनाए जाने तक के प्रसंगों का मंचन कर सभी को भाव-विभोर कर दिया। गति गर्ग, प्रिया, रेनू अग्रवाल, उषा अग्रवाल, मेघना बंसल, सीमा शर्मा, पूजा बिंदल, ममता आदि के अभिनय की सभी ने सराहना की। संस्थापक मेघना बंसल ने नए सदस्यों का परिचय कराया।आयोजक मंजू सिंघल, अध्यक्ष अनीता निवेटिया, उपाध्यक्ष रीता गुप्ता व कोषाध्यक्ष वंदना श्रीवास्तव ने सभी का स्वागत किया।