काशी में कल भव्य रूप में मनेगी देव दीपावली

शैवाल सरन, वाराणसी। विश्वप्रसिद्ध आयोजन देव दीपावली पर काशीवासी शुक्रवार को दीपों से देवताओं का आह्वान करेंगे। इसके साक्षी केंद्रीय संस्कृति राज्य मंत्री जी. किशन रेड्डी, राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र, पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती सहित देश विदेश से आए मेहमान बनेंगे। देव दीपावली के आयोजन में बेसिक शिक्षा विभाग के 4000 शिक्षक और कर्मचारी भाग लेंगे। गंगा पार रेती पर उन्हें 10 सेक्टरों की जिम्मेदारी दी गयी है। गुरुवार को सुबह से ही यहां शिक्षक योजना बनाते दिखे। उनके साथ बीएसए व शिक्षा विभाग के अन्य कर्मचारी भी थे। माध्यमिक शिक्षा विभाग को भी रेती पर 5 सेक्टरों की जिम्मेदारी दी गयी है। 5 सेक्टरों में उन्हें कुल 85 हजार दिए जलाने हैं। एक सेक्टर में छात्रों के साथ कई शिक्षकों की भी ड्यूटी लगाई गई है। बता दें कि गंगा महोत्सव के तीसरे दिन होने वाले इस आयोजन पर इस बार न केवल गंगा किनारे पक्के घाट, बल्कि पार में रेत पर भी लाखों की संख्या में दीपक टिमटिमाएंगे आएंगे। इन सबके बीच आकर्षण का केंद्र एक बार फिर चेत सिंह घाट पर होने वाला लेजर शो बनेगा। इसके साथ ही गंगा उस पार रेत में बैलून फेस्टिवल के तहत चल रहे हॉट एयर बैलून की उड़ान और अस्सी घाट के सामने इलेक्ट्रिक आतिशबाजी भी नया रोमांच पैदा करेगा। गुरुवार को इन सब तैयारियों को अंतिम विराम दिया जा रहा था।