गाजियाबाद के राजनगर में दिखा तेंदुआ: दल तैनात

गाजियाबाद। राज नगर के सेक्टर 13 की एक कॉलोनी में एक तेंदुए को घूमते देखा गया है, जिसके बाद वन विभाग ने उसका पता लगाने और उसे पकडऩे के लिए अपने दलों को तैनात किया है।दिल्ली से करीब 25 किलोमीटर दूर स्थित राज नगर के सेक्टर 13 के निवासी अरिहंत जैन ने अपने सीसीटीवी कैमरों के जरिए अपने घर के निकट तेंदुए को बुधवार सुबह घूमते देखा। उन्होंने पुलिस को तत्काल इसकी जानकारी दी और ‘रेजिटेंड्स वेलफेयर एसोसिएशन’ को भी सतर्क किया। जिला मजिस्ट्रेट राकेश कुमार सिंह ने बताया कि वन विभाग तेंदुए के पद चिह्नों की मदद से उसका पता लगाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह तेंदुआ राज नगर से करीब 70 किलोमीटर दूर स्थित गढ़ मुक्तेश्वर के जंगलों से भटकता हुआ यहां आ गया होगा। उन्होंने बताया कि पूर्व की घटनाओं को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि तेंदुआ हिंडन नदी के किनारे-किनारे चलते हुए सहारनपुर की ओर गया होगा। वन विभाग ने शहर से सटे जंगल में उसके संभावित मार्ग पर पिंजड़े लगाए हैं।