नौसेना में शामिल हुआ विध्वंसक आईएनएस विशाखापट्टनम

नई दिल्ली। भारतीय नौसेना का नया विध्वंसक आईएनएस विशाखापट्टनम आज नौसेना के बेड़े में शामिल हो गया। मुंबई में हुए एक कार्यक्रम में इससे जुड़ी औपचारिकताएं पूरी की गईं। इसे नौसेना के शीर्ष कमांडरों की मौजूदगी में सेवा में शामिल किया गया। इस समारोह में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल हुए। इस मौके पर राजनाथ सिंह ने कहाकि भारत जल्द ही पूरी दुनिया के लिए जहाजों का निर्माण करेगा।
इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने चीन पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्चस्ववादी प्रवृत्तियों वाले ‘कुछ गैर-जिम्मेदार देश’ अपने संकीर्ण पक्षपातपूर्ण हितों के कारण समुद्र के कानून पर संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन (यूएनसीएलओएस) को गलत तरीके से परिभाषित कर रहे हैं। सिंह ने कहा कि यह चिंता की बात है कि यूएनसीएलओएस की परिभाषा की मनमानी व्याख्या कर कुछ देशों द्वारा इसे लगातार कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अपना आधिपत्य जमाने और संकीर्ण पक्षपाती हितों वाले कुछ गैर-जिम्मेदार देश अंतरराष्ट्रीय कानूनों की गलत व्याख्या कर रहे हैं।