उत्तराखंड: सबसे अमीर बीजेपी विधायक बने सतपाल महराज

देहरादून। उत्तराखंड के मौजूदा विधायकों में 71 फीसदी करोड़पति हैं। करोड़पति विधायकों में सर्वाधिक भाजपा के हैं। सर्वाधिक संपत्ति वाले विधायकों की सूची में टॉप पर मौजूदा काबीना मंत्री एवं चौबट्टाखाल के विधायक सतपाल महाराज हैं। एडीआर की ओर से जारी सूची के मुताबिक, महाराज की 80 करोड़ रुपये से अधिक की संपति है। आपराधिक छवि मामले में भी भाजपा विधायकों की संख्या ज्यादा है। आपराधिक छवि के कुल 20 विधायकों में से सर्वाधिक 10 भाजपा के हैं। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉम्र्स (एडीआर) ने वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव और बाद में हुए उपचुनाव के आधार पर उत्तराखंड के वर्तमान विधायकों की संपत्ति और आपराधिक छवि की सूची जारी की है। इनमें पांच रिक्त सीटों को शामिल नहीं किया गया है। एडीआर के अनुसार, उत्तराखंड में वर्तमान विधायक औसतन 4.09 करोड़ रुपये संपत्ति के मालिक हैं। कुल 65 विधायकों के सापेक्ष 46 विधायक करोड़पति हैं। इनमें भाजपा के 54 विधायकों में से 37, कांग्रेस के नौ में से आठ और दो निर्दलीय में से एक विधायक शामिल हैं। पहले स्थान पर भाजपा के सतपाल महाराज हैं।