अखिलेश सरकार में विकास का नहीं परिवारवाद और अपराध का एजेंडा चलता था: योगी

लखनऊ। यूपी में विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है सियासी पारा चढ़ता जा रहा है। अब यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर में अखिलेश यादव पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में एक परिवार के विकास को ही विकास का मानक मान लिया जाता था। इनके पास विकास का कोई एजेंडा नहीं था। वहां तो परिवारवाद और अपराध हावी रहा। पलायन, दंगे, अराजकता के अलावा बेटियां अपराधियों से डरकर स्कूल नहीं जा पाती थीं। प्रदेश की तस्वीर बदरंग हो गई थी। आजादी में जो राज्य अग्रणी था वह पिछडक़र बीमारू राज्य में शामिल हो गया। यह वही उत्तर प्रदेश है, जहां पहले विकास के नाम पर बंदरबांट होता था। ’एक परिवार के विकास’ को ही ’प्रदेश का विकास’ मान लिया जाता था। मुजफ्फरनगर दंगे के मुख्य आरोपी को बेशर्मी के साथ मुख्यमंत्री आवास पर सम्मानित कर दंगाइयों के हौसले बढ़ाए जाते थे।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने माइक्रो-ब्लॉगिंग ऐप कू पर पोस्ट कर कहा कि पिछली सरकारें विकास के नाम पर बंदरबांट करतीं थीं। हमारी आस्था पर प्रहार होता था। सावन के महीनों में कहा जाता था कि कांवड़ यात्रा नहीं निकलेगी। बेटियों की सुरक्षा के मामले को अनसुना कर दिया जाता था। मुजफ्फरनगर के दंगाइयों को लखनऊ के मुख्यमंत्री आवास में सम्मानित किया जाता था। सहारनपुर में सिखों की दुकानों में आग लगाकर उन्हें भी आग में झोंकने का काम किया जाता था। वर्ष 2017 से सरकार बदलते ही प्रदेश में दंगा नहीं बल्कि कांवड़ यात्रा गाजे-बाजे के साथ निकाली जा रही है। दीपावली, होली और सभी पर्व और त्योहार बिना डर के मनाए जा रहे हैं। पांच सौ वर्षों के इंतजार को खत्म करके मोदी सरकार ने अयोध्या में भव्य श्रीराममंदिर के निर्माण कार्य को तेजी से आगे बढ़ाया है।