मोदी का बीजेपी के मुख्यमंत्रियों को संदेश: काशी मॉडल अपनाएं

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 12 घंटे के अंदर दूसरी बार भाजपा शासित मुख्यमंत्रियों की मैराथन बैठक ली। इस दौरान मुख्यमंत्रियों ने अपने कामकाज का लेखा-जोखा रखा और विकास का प्लान भी बताया। बनारस रेल इंजन कारखाना में 4 घंटे तक बैठक चली। पीएम मोदी ने मुख्यमंत्रियों से कहा कि काशी के विकास मॉडल को देखें और इसे अपने यहां अपनाएं। अपने राज्यों में इसका प्रचार-प्रसार भी करें। काशी और अयोध्या के धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए आगे आएं। पुराने शहरों के मूल स्वरूप को बरकरार रखते हुए लोगों की सुविधाओं के लिए क्या किया जा सकता है, इस पर फोकस करें। इससे पहले सोमवार की रात भी पीएम मोदी ने मुख्यमंत्रियों की चार घंटे तक बैठक ली थी। रात आठ बजे से रात 12 बजे तक गंगा की गोद में क्रूज पर ही यह बैठक चली थी।