कड़ाके की ठंड से हिला उत्तर भारत

नई दिल्ली। दिंसबर महीने में सर्दी का सितम बढ़ गया है। कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो रही है। पहाड़ी इलाकों में मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जबकि मैदानी इलाकों में कड़ाके की ठंड ने जीना दुश्वार कर दिया है। राजधानी दिल्ली में सर्द हवाओं ने लोगों को अपने घरों में कैद कर दिया है। उधर, राजस्थान के सीकर में तापमान माइनस में चले गया है। यहां खेत में पेड़ और पौधों पर ओंस जम गई है। मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में कुछ हिस्सों में अभी शीतलहर की स्थिति बने रहने की उम्मीद है। हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में हुई बारिश और बर्फबारी के बाद ठंड बढ़ गई है। उत्तर पश्चिमी भारत, मध्य और पूर्वी भारत में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है। वहीं, रविवार को मौसम साफ रहने की संभावना है। हालांकि प्रशासन ने पर्यटकों और आम जनता से सावधानी बरतने की अपील की है।