दिल्ली में सर्दी का सितम बढ़ा: तापमान 5 डिग्री

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में जारी सर्दी के सितम के बीच आने वाले दिनों में कोहरे का कहर भी बढ़ सकता है। दिल्ली में गुरुवार की सुबह ठंडी रही और न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके साथ ही दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में सुबह कोहरे की एक धुंधली चादर छा गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। मौसम विभाग ने बताया कि राजधानी में आगामी दिनों में कोहरा छाया रहेगा। आईएमडी के अधिकारियों ने कहा कि आगामी दिनों में शहर में मध्यम से कम स्तर पर कोहरा छाए रहने की संभावना है। अधिकारियों ने बताया कि अगले दो-तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में मामूली वृद्धि हो सकती है। मौसम विभाग ने कहा कि गुरुवार को दिन में अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है और सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आद्र्रता 95 प्रतिशत रही। बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।