यूपी चुनाव में बीजेपी ने गुजराती कार्यकर्ताओं को झोंका

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ भारतीय जनता पार्टी ने लोगों तक पहुंचने के अपने प्रयासों को तेज कर दिया है। अपनी नवीनतम पहल में राज्य में अवध क्षेत्र के मतदाताओं तक पहुंचने के लिए गुजरात के 165 पार्टी कार्यकर्ताओं की एक टीम को तैनात किया गया है। अवध क्षेत्र में विधानसभा की 82 सीटें हैं। एएनआई से बात करते हुए गुजरात के पार्टी कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे अवध क्षेत्र में मतदाताओं से जुडऩे के लिए घर-घर जाएंगे और 2024 के आम चुनावों में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को उनके गढ़ रायबरेली से उखाड़ फेंकने में मदद करेंगे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि इस बार अवध क्षेत्र की 82 सीटों में से 82 सीटों पर जीत हासिल करनी है। हमें अवध की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बाकी क्षेत्रों को अन्य राज्यों के कार्यकर्ताओं को सौंपा जाएगा। हम चुनाव खत्म होने तक यहां रहेंगे। हम अपने-अपने जिलों और विधानसभाओं में रहेंगे।