पूर्वांचल के दो मंडलों में है आधी आबादी की दमदारी

चुनाव डेस्क। गोरखपुर-बस्ती मण्डल में आधी आबादी की दमदारी दिख रही है। दोनों मण्डलों के सातों जिले में भाजपा, सपा, बसपा और कांग्रेस ने कुल 22 महिलाओं को प्रत्याशी बनाया है। आधी आबादी को मौका देने में कांग्रेस सबसे आगे है उसके बाद सपा फिर भाजपा और आखिरी पायदान पर बसपा है। इन दावेदारों में कोई पूर्व विधायक है तो कोई विधायक की पत्नी है। कई विस में महिलाओं के मैदान में आने से लड़ाई भी रोचक हो गई है। अब देखना है कि दस मार्च को कौन महिला विधानसभा पहुंचेगी। विधानसभा चुनाव 2017 में गोरखपुर-बस्ती मण्डल में प्रमुख दल भाजपा, कांग्रेस, सपा, बसपा और रालोद ने कुल दस महिलाओं को टिकट दिया था। जिसमें चौरीचौरा विधानसभा से भाजपा की संगीता यादव को जनता ने अपना विधायक चुना था। वहीं प्रमुख रुप से सिद्धार्थनगर की बांसी सीट से रालोद ने किरन और डुमरियागंज से बसपा ने सैयदा खातून को टिकट दिया था। गोरखपुर की कैम्पियरगंज से कांग्रेस ने चिंता यादव, खजनी से सपा ने रुपावती बेलदार, चौरीचौरा से भाजपा ने संगीता यादव और बांसगांव से सपा ने पूर्व विधायक शारदा देवी को प्रत्याशी बनाया था। देवरिया जिले में रामपुर कारखाना से सपा ने पूर्व विधायक गजाला लारी और सलेमपुर से विजयलक्ष्मी गौतम को टिकट दिया था। कुशीनगर में पडरौना सीट से कांग्रेस ने शिवकुमारी देवी, महराजगंज जिले में पनियरा सिे कांग्रेस ने तलत अजीज को प्रत्याशी बनाया था।