राजनाथ का दावा: डबल इंजन की सरकार ने रचा इतिहास

देवरिया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने 40 मिनट के चुनावी भाषण में कभी हिंदी तो कभी भोजपुरी बोलते हुए लोगों का ध्यान केन्द्रित किया। उन्होंने सभा में मौजूद लोगों से हाथ उठावाते हुए पूछा कि पार्टी से चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आप लोगों को मिलता है कि नहीं। इस सवाल पर जनता ने योजनाओं का लाभ मिलने की हामी भरी। इसी दौरान कुछ युवाओं से देवरिया में आर्मी भर्ती कैंप स्थापित करने की मांग की। इस पर राजनाथ सिंह ने चुनाव बाद कैंप स्थापित कराने का आश्वासन दिया। सभा को सम्बोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने भाजपा और कांग्रेस की सरकारों के कार्यकाल के अंतर गिनाए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की सोच ईमानदार और काम असरदार है। मोदी-योगी के डबल इंजन की सरकार ने लम्बे समय के बाद बदलाव की कहानी लिखी है। लोगों ने एक बेहतर बदलाव को महसूस भी किया है। इस सरकार में विकास का एक नया युग पैदा हुआ है। धर्म रक्षा और सर्वत्र सुरक्षा पर काम किया गया है। सबका मान सम्मान बढ़ाते हुए किसानों की प्रगति पक्की की गई है। अब इन सब कार्यों को उंचाईयों पर ले जाने का काम किया जाएगा।