हार रहा कोरोना: केन्द्र ने राज्यों को दी ढील की छूट

नई दिल्ली। देश में कोरोना की रफ्तार अब धीमी पडऩे लगी है। शुक्रवार को भारत में कोरोना के 13 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए, हालांकि मरने वालों की संख्या 300 पार रही। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने शुक्रवार को अपने मासिक कोविड -19 दिशानिर्देश जारी करते हुए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को आर्थिक गतिविधियों को सावधानी के साथ खोलने की अनुमति दी है। कहा है कि देश भर में कोविड-19 मामलों में उल्लेखनीय गिरावट के साथ राज्य और केंद्रशासित सरकारें खेल, सामाजिक, मनोरंजन, शैक्षणिक, सांस्कृतिक और सिनेमा हॉल, स्कूल, जिम खोलने जैसी गतिविधियों को खोलने पर विचार कर सकती है। शुक्रवार को केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने कहा कि कोरोना पॉजिटिविटी रेट में पर्याप्त गिरावट और देश में सक्रिय मामलों की घटती संख्या को देखते हुए राज्य और केंद्रशासित प्रदेश आर्थिक गतिविधियों गतिविधियों को फिर से खोल सकते हैं। हालांकि अभी भी कोरोना नियमों का पालन करने की जरुरत होगी, जिसमें मास्क पहनना और सोशल डिस्टेसिंग शामिल है।