दहाड़े जेलेंस्की: रूस एक आतंकी देश

डेस्क। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की रूस से जंग के बीच लगातार मीडिया के जरिए दुनिया का समर्थन हासिल करने में जुटे हैं। इसी के तहत मंगलवार को उन्होंने फेसबुक पर एक वीडियो शेयर किया। इसमें उन्होंने रूस को आतंकी देश बताते हुए कहा कि उसने वॉर क्राइम किए हैं। इसके लिए रूस को न माफ किया जाएगा और न ही इन ज्यादतियों को भूला जाएगा। उन्होंने कहा कि रूस की ओर से मिसाइल हमले किए जा रहे हैं। इन हमलों में 16 बच्चे भी मारे गए हैं। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को मारकर पुतिन ने युद्ध अपराध किया है और उन्हें इसका करारा जवाब मिलेगा। उन्होंने कहा कि रूस की ओर से प्रशासनिक और रिहायशी इलाकों पर हमले किए जा रहे हैं। खारकीव में मंगलवार सुबह ही प्रशासनिक इमारत पर रूस ने मिसाइल अटैक किया था। इस हमले में इमारत दो सेकेंड्स के अंदर ही जमींदोज हो गई थी। इसका वीडियो भी दुनिया भर में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इससे पहले सोमवार रात को भी जेलेंस्की ने देश के नाम संबोधन में इंटरनेशनल सेना बनाने का ऐलान किया था। उनका कहना था कि दुनिया भर से हजारों लोगों ने हमारे साथ लडऩे की बात कही है। इस बीच जेलेंस्की ने यूरोपियन यूनियन को भी संबोधित किया है।