बोलीं महबूबा: तिरंगा हो जायेगा भगवा

श्रीनगर। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) प्रमुख एवं जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) पर निशाना साधते हुए दावा किया कि जिस तरह से उसने प्रदेश के विशेष दर्जे को खत्म कर दिया है, उसी तरह वह देश के संविधान को भी समाप्त कर देगी और तिरंगे की जगह ‘भगवा’ कर देगी।
मुफ्ती अनंतनाग जिले में अपने पिता और पीडीपी संस्थापक मुफ्ती मोहम्मद सईद की सातवीं पुण्यतिथि पर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रही थी। पीडीपी के सैकड़ों कार्यकर्ता और नेता बिजबेहरा के दारा शिकोह उद्यान में एकत्र हुए थे, जहां मुफ्ती सईद को दफनाया गया था। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके पिता भारत के विचार और धर्मनिरपेक्षता में विश्वास करते थे जो देश की नींव थी। उन्होंने कहा,” भाजपा ने न केवल जम्मू कश्मीर के संविधान को समाप्त कर दिया है, बल्कि देश के संविधान को भी ध्वस्त कर दिया है। उन्होंने जिस तरह अनुच्छेद 370 को समाप्त किया, उसी तरह देश के संविधान को भी समाप्त कर देगी।” उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर को महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू और अबुल कलाम आज़ाद के भारत में शामिल किया गया है, न कि नाथूराम गोडसे के भारत में।