लखनऊ मई । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने पश्चिम क्षेत्र के मंडल अध्यक्षों के साथ मंडल कार्यसमिति गठन को लेकर चर्चा की। इसके साथ ही क्षेत्रीय पदाधिकारियों, क्षेत्र के जिलाध्यक्षों व जिला प्रभारियों के साथ संगठनात्मक संवाद किया। जबकि बुलंदशहर जिलें के अनुसूचित जाति वर्ग के पार्टी पदाधिकारियों के साथ अनुसूचित जाति संवाद कार्यक्रम के माध्यम से चर्चा की। धर्मपाल सिंह बुलन्दशहर के शान्तिदीप गार्डन में विभिन्न बैठकों को संबोधित कर रहे थे।
धर्मपाल सिंह ने नवनियुक्त मंडल अध्यक्षों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सशक्त मंडल गठन की प्रक्रिया को पूर्ण करना है। मंडल कार्यसमिति गठन में अनुशासित, परिश्रमी एवं निष्ठावान कार्यकर्ताओं को स्थान देना है। इसके साथ ही महिला, अनुसूचित जाति वर्ग तथा पिछडे़ वर्ग का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि मंडल ही संगठनात्मक कार्यक्रमों, अभियानों के प्रभावी क्रियान्वयन का प्रमुख केन्द्र है। इसके साथ ही चुनावी गतिविधियों के संचालन की धुरी भी है। प्रभावी मंडल कार्यसमिति से संगठन के उद्देश्य पूर्ण होते है। जो संगठन की विचारधारा तथा भाजपा सरकार की नीतियों व योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनता है। उन्होंने कहा कि प्रभावी तथा मजबूत मंडल की संरचना से मजबूत शक्ति केन्द्र की संरचना तैयार होती है। जिससे मजबूत बूथ की संरचना तैयार होकर भाजपा की विजय का आधार बनती है। श्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि मंडलों में 61 सदस्यीय कार्यसमिति का गठन किया जाएगा। जिसमें 15 कार्यसमिति के पदाधिकारी होंगे तथा शेष कार्यसमिति के सदस्य होंगे। उन्होंने कहा कि मंडल में कार्यक्रमों एवं अभियानों के प्रभावी रूप से संचालन के लिए पार्टी के पुराने नेताओं तथा प्रत्येक कार्यकर्ता के साथ सतत सम्पर्क व संवाद होना चाहिए। इसके साथ ही मंडल के कार्यक्रमों में सभी की भागीदारी व जिम्मेदारी भी सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि मंडल अध्यक्ष प्रत्येक माह मंडल कार्यसमिति की बैठक सुनिश्चित करने के साथ अपने प्रवास सहित सभी कार्यक्रमों एवं कार्यों की डायरी मेन्टेन करने का स्वभाव निर्मित करें।
उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार की प्रत्येक योजना में बिना पक्षपात के गरीब कल्याण का संकल्प निहित है। यही कारण है कि सभी को आवास, हर घर में नल से जल, सभी को राशन, पढ़ाई व ईलाज की निःशुल्क व्यवस्था की गई है। जिसमें सबसे अधिक लाभान्वित अनुसूचित जाति वर्ग हुआ है।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि कांग्रेस तथा सपा जैसे मुद्दाविहीन विपक्षी दल झूठ और भ्रम फैलाकर राजनैतिक लाभ लेना चाहते है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सदैव बाबा साहेब डॉ. भीमराव आम्बेडकर जी का विरोध किया। उनका अंतिम संस्कार भी दिल्ली में नही होने दिया गया। जबकि सपा प्रमुख अखिलेश यादव के मंच से बाबा साहेब को भू-माफिया कहकर अपमानित किया गया। कांग्रेस ने नेहरू गांधी परिवार की राजनैतिक और आर्थिक उन्नति के लिए अनुसूचित वर्ग का वोट लेकर उनके साथ धोखा करने का काम किया है। कांग्रेस ने 100 से अधिक बार संविधान में संशोधन किया। देश में आपातकाल लागू किया और बाबा साहेब द्वारा लिखित संविधान की आत्मा कही जाने वाली प्रस्तावना को भी संशोधित कर दिया। उन्होंने कहा कि मुस्लिम तुष्टीकरण के ऐजेंडे पर चलने वाली सपा व कांग्रेस ने सदैव राष्ट्रहित तथा अनुसूचित जाति वर्ग के संवैधानिक अधिकारों पर कुठाराघात करने का काम किया। सपा सरकार के समय सबसे अधिक अनुसूचित जाति के लोगों पर अत्याचार किए गए। उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाया गया। उनके घर, खेत खलिहानों पर कब्जे किए गए। सपा की सरकार में मां, बहन, बेटियों का घर से निकलना दूभर हो गया था। शौहदों के डर से बेटियों ने स्कूल जाना छोड़ दिया था।
उन्होंने कहा इसके साथ ही हमें कांग्रेस, सपा के द्वारा बाबा साहेब के विरोध व अपमान सहित अनुसूचित जाति वर्ग पर किए गए शोषण को भी जनता के दरबार में लेकर पहुंचना है।
उन्होंने कहा कि सभी अभियानों एंव कार्यक्रमों में सभी पुराने पदाधिकारी एवं नेताओं की जिम्मेदारी सुनिश्चित की जाए। इससे जवाबदेही भी सुनिश्चित होगी और कार्यक्रमों की प्रभावशीलता भी बढे़गी। हमें संगठन को मजबूत करते हुए अपनी राष्ट्रवादी विचारधारा से जन-जन को जोड़कर भाजपा को मजबूत करना है। मोदी जी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए सभी से जुड़कर सभी को जोड़ने का काम करना है।
महिला, अनुसूचित जाति वर्ग तथा पिछडे़ वर्ग का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करना है-धर्मपाल सिंह
