जलपुरुष राजेन्द्र को मिलेगा वाटर प्राइज अवार्ड

water-man
नई दिल्ली। जलपुरुष के नाम से मशहूर भारत के राजेंद्र सिंह को 26 अगस्त को स्टाकहोम में पानी का नोबेल पुरस्कार माने जाने वाले स्टॉकहोम वाटर प्राइज से सम्मानित किया जाएगा। स्वीडन के राजा कार्ल सोलहवें गुस्ताव स्टॉकहोम सिटी हॉल में सिंह को यह पुरस्कार प्रदान करेंगे। पुरस्कार के तहत एक लाख 50 हजार डॉलर और एक विशेष कलाकृति दी जाती है। सिंह को विश्व जल सप्ताह की रजत जयंती के मौके पर यह पुरस्कार दिया जा रहा है। उनसे पहले सुलभ इंटरनेशनल के डॉ बिंदेश्वर पाठक(2009), सेंटर फॉर साइंस एंड एनवॉयरमेंट (2005) तथा डॉ माधव चिताले (2013) को यह पुरस्कार मिल चुका है। सिंह ने पानी की कमी से जूझ रहे राजस्थान में जल संरक्षण की दिशा में उल्लेखनीय काम किया है। ‘स्टॉकहोम वॉटर प्राइज’ समिति के निर्णायकों का कहना है कि सिंह की जल-संचय पद्धति से बाढ़ और मिट्टी के अपरदन का खतरा कम हुआ है जिससे वन्य जीवन को भी लाभ पहुंचा है। उनके तौर-तरीके आसान और सस्ते हैं जिन्हें सारी दुनिया में अपनाया जाना चाहिए। उन्होंने बारिश के पानी को धरती के भीतर पहुंचाने की प्राचीन भारतीय पद्धति को ही आधुनिक तरीके से अपनाया है। इसमें छोटे-छोटे पोखरों का निर्माण किया जाता है जो बारिश के पानी से लबालब भर जाते हैं और फिर इस पानी को धरती धीरे-धीरे सोख लेती है। पेशे से आयुर्वेद के चिकित्सक सिंह ने राजस्थान में 1980 के दशक में पानी को लेकर काम करना शुरु किया था। शुरुआत में इस मुहिम में वह अकेले थे लेकिन फिर गांव के लोग जुडऩे लगे और तरुण भारत संघ बना। जल संचय पर काम बढ़ता गया। इसके बाद गांव-गांव में जोहड़ बनने लगे और बंजर धरती पर हरी फसलें लहलहाने लगी। अब तक जल संचय के लिए करीब साढ़े छह हजार जोहड़ों का निर्माण हो चुका है और राजस्थान के करीब 1000 गांवों में फिर से पानी उपलब्ध हो गया। दुनियाभर के लोगों ने उनके इस काम काम को सराहा। वर्ष 2001 में सिंह को एशिया का नोबेल माने जाने वाले रेमन मैग्सेसे पुरस्कार से नवाजा गया। वर्ष 2008 में गार्डियन ने उन्हें 50 ऐसे लोगों की सूची में शामिल किया था जो पृथ्वी को बचा सकते हैं।