पानी का पॉवर: असम तबाह, 12 मरे

asam disaster
असम। असम में आई भयंकर बाढ़ से सात लाख लोग प्रभावित हुए हैं। रविवार तक बाढ़ के चलते मरने वालों का आंकड़ा 12 पहुंच गया। पिछले 24 घंटे में ही चार लोगों की मौत हुई है। असम के आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने कहा है कि बाढ़ से पिछले 24 घंटों में 90 सड़कों तटबंधों और पुलों को नुकसान पहुंचा है। बुनियादी सुविधाओं में ज्यादातर नुकसान कोकराझार बोंगईगांव और बारपेटा जिलों में हुआ है। बाढ़ से सड़कों को व्यापक नुकसान पहुंचा है। सेना, एनडीआरएफ और स्टेट डिजास्टर रिस्पोंस फोर्स के दल बचाव और राहत कार्यों में जुटे हुए है। पिछले 24 घंटे में नेशनल हाईवे-31 पर डूबने से दो लोगों की मौत हो गई जबकि दो लोग कोकराझाड़ में मारे गए। पिछले कुछ दिनों में राज्य के कई हिस्सों में बाढ़ के कारण संचार सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हैं। जिला प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में खाने पीने के सामान बांट रहे हैं। सरकारी सूत्रों के अनुसार एक लाख अस्सी हजार लोग राहत शिविरों में रह रहे हैं। कुल मिलाकर सत्रह जिलों के सात लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। केन्द्र और असम सरकार लगातार बाढ़ की स्थिती पर नजर बनाए हुए हैं बाढ़ की स्थिती को लेकर असम सरकार राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के साथ भी संपर्क में है। इस बीच, सेना, एनडीआरएफ और स्टेट डिजास्टर रिस्पोंस फोर्स के दल बचाव और राहत कार्यों में जुटे हुए है।