हड़ताल के चलते होगी पेट्रोल-डीजल रसोई गैस की किल्लत

lpg truck

इलाहाबाद । आगामी दो सितंबर को सूबे के मुख्यमंत्री संगम नगरी आ रहे हैं और इसी दिन तमाम कर्मचारी संगठनों ने हड़ताल पर जाने का निर्णय भी ले लिया है। ऐसे में आम आदमी को ईधन से लेकर तमाम आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति ठप पड़ जानी है।
दो सितंबर को लोगों को पेट्रोल और डीजल नहीं मिलेगा। यह दिक्कत इंडियन ऑयल कार्पोरेशन पाइप लाइंस वर्कर्स यूनियन और उत्तर प्रदेश ऑयल ट्रक-टैंकर कर्मचारी संघ के दो सितंबर को प्रस्तावित हड़ताल में शामिल होने से होगी। इंडियन ऑयल कार्पोरेशन पाइप लाइंस वर्कर्स यूनियन ने भी केंद्रीय ट्रेड यूनियन की हड़ताल का पूर्ण समर्थन किया है। यह निर्णय गत दिनों दिल्ली में पेट्रोलियम वर्कर्स फेडरेशन की बैठक में लिया गया। बैठक से लौटने के बाद फेडरेशन के केंद्रीय उपाध्यक्ष और इंडियन आयल कार्पोरेशन पाइप लाइंस वर्कर्स यूनियन के केंद्रीय सह सभापति राज किशोर सिंह ने उक्त जानकारी दी। हड़ताल की सफलता को रणनीति बनाने के लिए 31 अगस्त को दोपहर 12.30 बजे मजदूरों की आमसभा इंडियन आयल मुख्य द्वार पर होगी। उत्तर प्रदेश इंडियन आयल ट्रक-टैंकर कर्मचारी संघ कार्यकारिणी की बैठक शनिवार को जानसेनगंज में आरके जैन की अध्यक्षता में हुई। महामंत्री नसीम अंसारी ने देशव्यापी हड़ताल के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इस मौके पर सर्वसम्मति से निर्णय हुआ कि सूबेदारगंज-झलवा टर्मिनल प्लांट से एक भी टैंकर तेल नहीं भराया जाएगा। इसी तरह झूंसी एलपीजी प्लांट से भी दो सितंबर को सिलेंडर नहीं लोड किए जाएंगे। यह निर्णय एलपीजी प्लांट के कर्मचारियों की बैठक में लिया गया।