यादव सिंह से पूछताछ, मुलायम कुनबे में अकुलाहट

yadavsingh
लखनऊ। (विसं.) भ्रष्टाचार में आरोपी नोएडा प्राधिकरण के निलंबित चीफ इंजीनियर यादव सिंह सीबीआई की पूछतांछ में कई बार अटके। यादव सिंह पर सीबीआई के अफसर अब चौबिसों घंटे नजर रखे हुए है। यहा तक किसी भी दशा में देश से बाहर जाने से मना कर दिया गया है। शहर भी तभी छोड़ सकेगा जब वह सीबीआई को इसकी जानकारी देगा। उसे यह भी बताया गया है कि उसकी गतिविधियों पर सीबीआई की नजर रहेगी। इधर, सूत्रों के हवाले से खबर आ रही है कि यादव सिंह को बचाने के लिए यूपी सरकार भी काफी सक्रिय है। गुपचुप मुलाकातों के जरिये यादव सिंह को बचाने की कोशिश की जा रही है। बताया जा रहा है कि यादव सिंह के साथ मुलायम कुनबे से जुड़े कुछ लोगों का भी नाम आ रहा है। मुलायम सिंह भी कई बार दिल्ली जाकर केन्द्र सरकार में पैठ बना रहे हैं।
सीबीआई के वरिष्ठ अफसरों ने यादव सिंह से आथॉरिटी द्वारा दिये कार्यो और भुगतान संबंधी जानकारियों को सामने रखकर कई घंटे तक पूछताछ की। सीबीआई ने यादव सिंह से उसके और परिवारीजनों के नाम से चल रही कंपनियों के खेल के बारे में तमाम सवाल किए। उसकी कंपनियों में हुए निवेश और कोलकाता की कंपनियों से कारोबारी रिश्तों के बारे में भी जानकारी मांगी। सूत्रों के अनुसार सीबीआई की कड़ी पूछताछ के दौरान यादव सिंह खासा नर्वस था और जवाब देने में कई बार अटका। जांच एजेंसी ने उसके खिलाफ जांच भ्रष्टाचार के दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। सीबीआई ने उससे परियोजनाओं के संचालन सहित मामलों के विभिन्न पहलुओं के बारे में विस्तार से सवाल किए गए। उनसे आयकर विभाग की छापामारी के दौरान बरामद दस्तावेजों के बारे में भी जवाब-तलब किया गया।