रांची में 2 अक्टूबर को मुद्रा बैंक का शुभारंभ करेंगे मोदी

Narendra_Modi_

रांची। गांधी जयंती के मौके पर 2 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रांची आएंगे। पीएम के आगमन को लेकर स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) के एआईजी बलवान सिंह ने एयरपोर्ट के नए व पुराने टर्मिनल का जायजा लिया। इस दौरान एयरपोर्ट के अधिकारियों व जिला पुलिस अधिकारियों के साथ सुरक्षा इंतजाम के लिए समीक्षा भी की। एसपीजी ने एयरपोर्ट की सुरक्षा बढ़ाने का निर्देश दिया है। एयरपोर्ट के चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा जवानों को तैनात किया जाएगा। गुरुवार से ही एयरपोर्ट पर जिला पुलिस के जवानों को तैनात कर दिया जाएगा। पीएम के आने का सारा मूवमेंट पुराने टर्मिनल से ऑपरेट होगा। बिना एसपीजी अधिकारियों के आदेश के एयरपोर्ट के अंदर प्रवेश वर्जित रहेगा। एसपीजी के अधिकारियों ने रनवे का भी निरीक्षण किया है। पीएम जिस हेलिकॉप्टर एयरफोर्स के एमआई-17 से जाएंगे उसकी सुरक्षा बढा दी गई है। प्रधानमंत्री सुबह 8.30 बजे दिल्ली से रांची के लिए उड़ान भरेंगे। सुबह 10.15 बजे रांची पहुंचेंगे। इसके बाद हेलिकॉप्टर से खूंटी के लिए रवाना हो जाएंगे। खूंटी में कार्यक्रम में शामिल होकर दुमका जाएंगे। दुमका में मुद्रा बैंक योजना का शुभारंभ करने के बाद बिहार के लिए रवाना हो जाएंगे। एसपीजी के एआईजी बलवान सिंह ने बुधवार को रांची एयरपोर्ट पर तैयारियों का जायजा लिया।