मुख्तार और मुन्ना बजरंगी पर मकोका का आरोप तय

Mukhtar-Aansari-and-Munna-Bajrangiवाराणसी। मऊ से विधायक माफिया मुख्तार अंसारी और माफिया डॉन मुन्ना बजरंगी के खिलाफ मकोका का आरोप तय हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार इस मामले में तीस हजारी कोर्ट में मंगलवार को सुनवाई थी। तीस हजारी कोर्ट में आरोप तय होते वक्त मुख्तार के अलावा मुन्ना बजरंगी तथा मेराज भी मौजूद थे। इसी समय उत्तर प्रदेश के चर्चित कृष्णानंद राय हत्याकांड के मामले में भी सुनवाई हुई। अभियोजन पक्ष की ओर से तय गवाह पेश नहीं हुए। उनमें रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा भी शामिल थे। सीबीआई के वकील ने सभी गवाहों की नामौजूदगी की जानकारी कोर्ट को दी। इसके बाद कोर्ट ने मामले में अगली सुनवाई के लिए पांच व सात नवंबर की तारीख तय की। रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा इस समय बिहार चुनाव अभियान में भाजपा के चुनाव अभियान में व्यस्त हैं। मनोज सिन्हा कृष्णानंद राय हत्याकांड में साजिश के मामले के गवाह हैं। उल्लेखनीय कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल ब्रांच ने 2012 में मुख्तार तथा मुन्ना बजरंगी वगैरह के खिलाफ मकोका की कार्रवाई की थी।