विभिन्न धर्मों की एकता ही हमारे देश की ताकत : अखिलेश

cm2oct3लखनऊ। यूपी के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आगरा के एकलव्य स्पोट्र्स स्टेडियम में शुक्रवार को गांधी जयंती के अवसर पर राज्य सरकार के माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा युवक बिरादरी (भारत) के साथ 11 हजार छात्र-छात्राओं के अभिनव कार्यक्रम एक सुर-एक ताल में कहा कि देश व प्रदेश को खुशहाली के रास्ते पर ले जाने के लिए बड़ी सोच के साथ कार्य करना होगा। हमारे देश में विभिन्न धर्मों की एकता ही हमारे देश की ताकत है। उन्होंने कहा कि गांधी जी का मानना था कि हमें प्रकृति से उतना ही लेना चाहिए, जितनी हमारी आवश्यकता हो। प्राकृतिक साधनों के अनियंत्रित दोहन से पर्यावरणीय असंतुलन उत्पन्न हो जाता है, जिसे जनान्दोलन से ही रोका जा सकता है।
श्री यादव ने कहा कि एक सुर-एक ताल का कार्यक्रम पृथ्वी को वर्तमान एवं आगामी पीढिय़ों के रहने के योग्य बनाए रखने का एक अभियान है, जिसे छात्रों एवं नौजवानों की ऐतिहासिक भागीदारी से सम्पन्न किया गया है, क्योंकि विश्व का भविष्य युवा पीढी में ही निहित है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य इंसान के सामने आने वाली चुनौतियों के लिए जन-जागरूकता पैदा करना है। उन्होंने कहा कि अनियमित जीवनशैली से पर्यावरण में बदलाव एवं असंतुलन पैदा हो रहा है। विश्व के सामने एक चुनौती के रूप में मौजूद ग्लोबल वार्मिंग के खतरों को खत्म करने के लिए आज मनुष्य को जीवनशैली में बदलाव लाने और नेचुरल रिर्सोसेज के दुरूपयोग के संबंध में सावधान रहने की जरूरत है।