नवरात्रि पर्व के लिए जोरशोर से चल रही तैयारियां

DurgaMataरायपुर। नवरात्रि पर्व के लिए महज 3 दिन का समय शेष रह गया है। शहर के देवी मंदिरों में जहां मनोकामना ज्योति जलाने के लिए ज्योतगृहों को सजाया जा रहा है तो वहीं मंदिरों में रंग-रोगन का काम भी लगभग पूरा हो गया है।
शहर में नवरात्रि की तैयारियां जोरशोर से चल रही है। शहर के देवी मंदिरों में तो नवरात्रि के लिए विशेष तैयारी चल रही है। नवरात्रि में नौ दिनों तक जलने वाली अखंड ज्योति और कलश स्थापना के लिए देवी मंदिरों के ज्योतिगृहों में खास तैयारी चल रही है। ज्योति कलश, घट स्थापना के साथ ही जंवारा बोने के लिए सेवकों की टीम लगी हुई है। वहीं मंदिर प्रबंधन द्वारा मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। देवी मंदिरों में नवरात्रि पर्व के लिए रंग-रोगन का काम लगभग पूरा हो चुका है। वहीं शहर के कई देवी मंदिरों में विद्युत झालरों से आकर्षक सजावट की जा रही है। शहर के माहामाया माता मंदिर, दंतेश्वरी माता मंदिर, समलेश्वरी माता मंदिर, काली माता मंदिर, कंकाली माता मंदिर, मौली माता मंदिर, बंजारी माता मंदिर सहित सभी देवी मंदिरों में तथा देवालयों में नवरात्रि की तैयारियां जोरशोर से चल रही है। इधर शारदीय नवरात्रि में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापना के लिए दुर्गोत्सव समितियों की तैयारियंा भी अब अंतिम चरण में है। मां की प्रतिमा स्थापना के लिए विशाल पंडालें बनने का काम अब समाप्ति की ओर है। शहर के अधिकांश चौक-चौराहों में विशाल पंडालें बन चुकी है और अब पंडालों को सजाने का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है। इसी तरह मूर्तिकारों ने भी अब जगतजननी मां की प्रतिमाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।