नशे में धुत ठेकेदार व भतीजे ने गर्भवती महिला से किया रेप

rape1लखनऊ। नवाबो की नगरी के नाम से पूरी दुनिया में प्रसिद्ध शहर लखनऊ की नजाकत और नफासत को तार- तार करते हुए ठेकेदार और उसके भतीजे ने शराब के नशे में धुत होकर कूड़ा बीनने वाली गर्भवती महिला से दुराचार कर दिया। जिसके बाद एक लेबर ने भी महिला का अपनी हवस का शिकार बनाया। महिला चार माह से गर्भवती थी। महिला के पति ने आरोपियों के खिलाफ गोमतीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीडि़त की तहरीर पर पुलिस लेबर और ठेकेदार को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि आरोपी भतीजे पुलिस को चकमा देकर भाग निकला।
थाना प्रभारी गोमती नगर श्यामबाबू शुक्ला ने बताया कि मूलत: आसाम में रहने वाला राघव अपनी पत्नी रजनी (दोनों ही काल्पनिक नाम) गोमतीनगर के मकदूमपुर झोपड़ी में रहते हैं। पति-पत्नी कूड़ा बीनने का काम करते हैं। बताया जा रहा है कि कूड़ा उठाने का ठेकेदार स्थानीय निवासी सुभाष यादव के अण्डर में दोनों ही काम करते हैं। पीडि़त पति ने बताया कि शुक्रवार की रात करीब 10 बजे रजनी अपने घर में थी। इसी दौरान उनके घर में ठेकेदार सुभाष और उसका भतीजा विश्वनाथ और लेबर खिताब अली शराब के नशे में धुत होकर पहुंच गए। पीडि़ता का आरोप है कि ठेकेदार महिला से अश्लील हरकतें करने लगा। विरोध करने पर विश्वनाथ और खिताब अली पीडि़ता के पति को जबरन अपनी झोपड़ी में ले गए। इस दौरान आरोपी ठेकेदार ने महिला के साथ दुराचार किया। सभी आरोपी वारदात को अंजाम देकर भाग निकले। देर रात पीडि़त ने आरोपियों के खिलाफ गोमतीनगर थाने में शिकायत की थी। शनिवार सुबह तड़के पुलिस ने सुभाष यादव और खिताब अली को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि आरोपी भतीजा विश्वनाथ पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। पुलिस ने महिला को मेडिकल के लिए राम मनोहर लोहिया अस्पताल भेजा है और आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस भागे आरोपी की तलाश में जुटी है।