आरोप: मैनपुरी कांड में भाजपाईयों को फंसा रही है यूपी सरकार

bjp-logoलखनऊ। भारतीय जनता पार्टी ने अखिलेश सरकार पर आरोप लगाया कि मैनपुरी काण्ड में एक सोची समझी रणनीत के तहत पुलिस भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं को फंसा रही है। प्रवक्ता विजय बहादुर पाठक ने कहा कि मैनपुरी में हुये बवाल के दोषियों की पहचान होने के बावजूद राज्य सरकार ने बचाने में जुटी है। वाराणसी में फुटेज और फोटोग्राफ के सहारे पहचान करने का दावा करती अखिलेश की पुलिस मैनपुरी में दोहरा मापदण्ड अपना रही है। अपनी नाकामी को छिपाने के लिए विरोधाभाषी बयान और कार्य करने में अभ्यस्त प्रशासन के कारण घटनाओं पर नियंत्रण नहीं हो पा रहा है।
प्रवक्ता विजय बहादुर पाठक ने करहल मैनपुरी में हुई घटना में जा रहे भाजपा के स्थानीय नेताओं को रोके जाने और उनकी गिरफ्तारी की आलोचना करते हुए कहा कि राज्य का प्रशासनिक अमला जानबूझ कर अपनी नाकामी छिपाने के लिए इस मामले को राजनैतिक रूप दे रहा है। उन्होनें कहा कि अखिलेश सरकार के इशारे पर आज पूर्व विधायक राम नरेश अग्निहोत्री, पूर्व विधायक अशोक चैहान, पूर्व विधायक नरेन्द्र सिंह राठौर, पूर्व मंत्री जयवीर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष आलोक गुप्ता सहित सैकेड़ो कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया।